मेरो पहाड़

मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी के खिलाफ लड़ाई को जनांदोलन में बदलने के लिए अब युवा शक्ति मैदान में उतरेगी। चम्पावत जिले में जॉइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ (जेओएसएच) कार्यक्रम का दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया, जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने वर्चुअल माध्यम से अभियान का उद्घाटन किया। देश के 11 राज्यों के 55 जिलों में एक साथ आयोजित इस पहल में एनसीसी कैडेट और अन्य युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए टीबी के खिलाफ लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि चम्पावत जिले की 313 ग्राम सभाओं में से 206 ग्राम सभाओं को टीबी-मुक्त किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि जेओएसएच टीम के माध्यम से एनसीसी कैडेट और अन्य युवाओं को अभियान से जोड़कर जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी। युवाओं की भागीदारी से लोगों को समय पर जांच कराने, उपचार पूरा करने और टीबी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। शेष ग्राम सभाओं में भी अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।