*मेरो पहाड़*
माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में पशुपालन विभाग चंपावत स्थानीय पशुपालकों एवं बकरी पालकों की आजीविका सुधारने तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
इसी क्रम में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत 12 अक्टूबर 2026 को भारतीय तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) एवं पशुपालन विभाग के मध्य हुए ऐतिहासिक समझौते (MOU) के तहत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। इस समझौते के प्रभावी क्रियान्वयन के फलस्वरूप चंपावत के स्थानीय पशुपालकों द्वारा ITBP 36वीं बटालियन लोहाघाट को 473 किलोग्राम जिंदा बकरी (लाइव गोट) की पहली सफल आपूर्ति की गई।
जिलाधिकारी चंपावत श्री मनीष कुमार निर्देशों के क्रम में आपूर्ति की गुणवत्ता एवं स्वास्थ्य मानकों का विशेष ध्यान रखा गया। इस दौरान पशुपालन विभाग की ओर से डॉ. दीपक तथा ITBP की ओर से असिस्टेंट कमांडेंट डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने संयुक्त रूप से मौके पर उपस्थित रहकर बकरी की गुणवत्ता, वजन एवं स्वास्थ्य की गहन जांच की।
इसके साथ ही आपूर्ति प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से गठित लाइन कमेटी के सदस्यों द्वारा संपूर्ण प्रक्रिया का सूक्ष्म निरीक्षण एवं सत्यापन किया गया।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गर्ब्याल ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर बकरी पालकों को बिचौलियों के शोषण से बचाकर एक स्थायी तथा सुनिश्चित बाजार उपलब्ध कराना है।
सुरक्षा बलों को सीधे स्थानीय स्तर पर ताजा एवं गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति मिलने से जहां एक ओर जवानों को उत्कृष्ट पोषण प्राप्त होगा, वहीं दूसरी ओर सीमांत क्षेत्र के पशुपालकों की आय में अभूतपूर्व वृद्धि होगी।



