आदर्श चंपावत की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम: त्यारकुड़ा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मार्ग समस्या का होगा समाधान।






*मेरो पहाड़*
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के निर्देशानुसार संचालित “कैंप कार्यालय आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल द्वारा जनपद चंपावत के दूरस्थ एवं नगरीय क्षेत्रों का निरंतर भ्रमण कर जनसमस्याओं के समाधान तथा विकास कार्यों की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, दर्जा राज्य मंत्री मुकेश मेहराना तथा वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर पांडे द्वारा नगर पालिका परिषद चंपावत के वार्ड संख्या-2, त्यारकुड़ा क्षेत्र का भ्रमण किया गया। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने क्षेत्र में आवागमन से संबंधित प्रमुख समस्या उनके समक्ष रखी तथा बताया कि संपर्क मार्ग के अभाव में बच्चों, बुजुर्गों एवं अन्य नागरिकों को दैनिक जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान जानकारी दी गई कि नगर पालिका परिषद द्वारा पूर्व में इस मार्ग के निर्माण हेतु प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया था, जिसे स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। स्वीकृत योजना के अंतर्गत वार्ड संख्या-2 तल्ली मादली क्षेत्र में थैप नौला से त्यारकुड़ा नौला तक नाला एवं पटल निर्माण कार्य (₹55.76 लाख) तथा दीक्षा हार्डवेयर के समीप पूर्व निर्मित नाले से थैप नौला तक नाला एवं पटल निर्माण कार्य (₹55.83 लाख) कराया जाएगा। कार्य प्रारंभ होने के पश्चात क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही आवागमन संबंधी समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित होगा।
नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह *धामी जी के नेतृत्व में “आदर्श चंपावत”* के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए विकास कार्यों को गति प्रदान की जा रही है तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक तक विकास का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।
क्षेत्रीय जनता ने प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी का आभार व्यक्त करते हुए शीघ्र कार्य प्रारंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।






