अमोड़ी में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र के लिए स्थल का निरीक्षण, निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश।


*मेरो पहाड़*
जनपद के अमोड़ी क्षेत्र में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र की स्थापना के संबंध में उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक ने रविवार को प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपकेंद्र की स्थापना से जुड़े तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं का अवलोकन करते हुए निर्माण कार्य को शीघ्र गति देने के निर्देश दिए गए।


जिलाधिकारी महोदय द्वारा विद्युत उपकेंद्र के लिए भूमि उपलब्ध कराने के संबंध में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में राजस्व विभाग के पटवारी जीवन सिंह रिंगवाल भी मौके पर उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने ग्राम प्रधान, कोट अमोड़ी बालकृष्ण भट्ट को पुष्पगुच्छ भेंट कर विद्युत उपकेंद्र की स्थापना में सहयोग की अपेक्षा की। इस पर ग्राम प्रधान ने परियोजना के सफल क्रियान्वयन हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इसके उपरांत अधिकारियों ने प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण करते हुए उसकी उपयुक्तता, पहुंच मार्ग, विद्युत अवसंरचना तथा उपकेंद्र निर्माण के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया। इस दौरान भूमि हस्तांतरण एवं निर्माण प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई।
प्रबंध निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अमोड़ी विद्युत उपकेंद्र हेतु भूमि हस्तांतरण की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण की जाए तथा निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए निविदा संबंधी सभी औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध रूप से संपन्न कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता, रुद्रपुर जोन एन. एस. टोलिया, अधीक्षण अभियंता, ईडीसी टनकपुर डी. के. जोशी, अधीक्षण अभियंता (सेकेंडरी) अमित कुमार कटारिया, अधीक्षण अभियंता (सिविल) मोहम्मद सलीम, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड चम्पावत विजय कुमार सकारिया तथा अधिशासी अभियंता (सेकेंडरी) डी. डी. पांगती उपस्थित रहे।











