*मेरो पहाड़*
* मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 24 अगस्त को करेंगे योजना का शुभारंभ*
*प्रदेश के सभी 95 विकासखण्डों से जुड़ेंगे महिला स्वयं सहायता समूह*
उत्तराखण्ड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (USRLM), ग्राम्य विकास विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा ग्रामीण महिलाओं को सतत आजीविका के अवसरों से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ का शुभारंभ किया जा रहा है।
योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा 24 अगस्त 2026 को प्रातः 12:30 बजे सचिवालय परिसर, उत्तराखण्ड से किया जाएगा। इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम से प्रदेश के सभी 95 विकासखण्डों को भी जोड़ा जाएगा। जनपद चम्पावत में भी संबंधित अधिकारी, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं एवं अन्य प्रतिभागी कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम में मंत्री ग्राम्य विकास, लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग भरत सिंह चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना’ का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं एवं महिला स्वयं सहायता समूहों को स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना, उनके स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना, स्वरोजगार को बढ़ावा देना तथा उनकी आय में वृद्धि के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करना है।
यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। योजना के शुभारंभ अवसर पर जनपद के महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं एवं संबंधित प्रतिभागी जुड़कर इस महत्वपूर्ण पहल के साक्षी बनेंगे।



