*मेरो पहाड़*

 

 

 

 

*लोहाघाट में 257 करोड़ रुपये से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण गतिमान, बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने के मिलेंगे बेहतर अवसर*

 

*सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, खेल मैदान और स्टेडियम से निखरेगी स्थानीय प्रतिभा,युवा विकास को मिलेगा प्रोत्साहन*

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद चम्पावत में खेल सुविधाओं के विस्तार एवं युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। आधुनिक खेल अवस्थापना विकसित कर स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर अभ्यास सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा बेटियों की खेलों में भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में लोहाघाट में लगभग 257 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण गतिमान है। यह परियोजना महिला खिलाड़ियों को खेल शिक्षा एवं प्रशिक्षण के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कॉलेज के विकसित होने से पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को अपनी प्रतिभा निखारने और खेलों में भविष्य संवारने का अवसर मिलेगा। वहीं, छमनिया में 9 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निर्माण किया गया है, जिससे खिलाड़ियों को एथलेटिक्स के अभ्यास के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हुई है। जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। बनबसा में 98 लाख रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम तथा जवाहर नवोदय विद्यालय, लटोली में 99 लाख रुपये की लागत से खेल मैदान एवं जिम का निर्माण गतिमान है। इसके अतिरिक्त जिला योजना से लगभग 29 खेल के मैदान बनाये जा रहे हैं। इन सुविधाओं से विद्यार्थियों एवं स्थानीय युवाओं को नियमित अभ्यास और शारीरिक दक्षता बढ़ाने के अवसर मिलेंगे। चम्पावत के गोरलचौड़ क्षेत्र में खेलो इण्डिया के अंतर्गत बहुउद्देशीय इनडोर स्टेडियम प्रस्तावित है। इसके निर्माण से विभिन्न इनडोर खेलों के लिए सुविधाएं विकसित होंगी और खिलाड़ियों को अभ्यास के अधिक अवसर मिल सकेंगे। मुख्यमंत्री के ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प के अनुरूप विकसित हो रही ये सुविधाएं जनपद में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का आधार बन रही हैं।