मानसून सीजन में जल प्रलय की दहाड़ से मिलेगा छुटकारा अब न आशियान टूटने का रहेगा डर ,न होगी खेती की बर्बादी ।









*मेरो पहाड़*
टनकपुर में मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत पौने छः करोड़ की लागत से निर्माणाधीन कांक्रीट सुरक्षा दीवार से छीनिगोठ की वर्षो पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है । जिसका लगभग आधा कार्य पूर्ण हो गया है । हर सीजन में मानसून की आहट के साथ ही ग्राम सभा छीनी गोठ के लोगों की धड़कनें तेज हो जाया करती थीं। उफनती हुद्दी नदी की गर्जना और कटान का डर ग्रामीणों की रातों की नींद छीन लेता था। उफनाती नदी उपजाऊ खेतों को निगलती और आशियानों की नींव हिलाती अपने पीछे तबाही का मंजर छोड़ जाती थी। लेकिन माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिह धामी ने गाँव की पीड़ा को अपनी पीड़ा समझ कर डर की जगह एक नई उम्मीद और भरोसे की बयार बहा दी । आज गांव की इस बरसों पुरानी पीड़ा को जड़ से समाप्त करने के लिए 5 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से एक विशाल बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य किया जा रहा है । यह महज कंक्रीट की एक संरचना नहीं, बल्कि छीनी गोठ के सैकड़ों परिवारों के जीवन, उनकी गाढ़ी कमाई और सुनहरे भविष्य की मजबूत ढाल है।











निर्माण स्थल पर दिन-रात बजते हथौड़ों और मशीनों की गूंज गांव के एक नए सुरक्षित कल की इबारत लिख रही है। राहत की बात यह है कि बिना किसी देरी के योजना का 50% कार्य पूर्ण हो चुका है। आधी से ज्यादा सुरक्षा दीवार अब नदी के सामने मजबूती से सीना ताने खड़ी है और गांव के रक्षक का फर्ज निभाने के लिए तैयार दिख रही है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि काम की गति जितनी तेज है, उससे भी ज्यादा ध्यान कार्य की गुणवत्ता पर दिया जा रहा है। सीमेंट के सही मिश्रण से लेकर पत्थरों की मजबूत चिनाई तक, हर मानक का बारीकी से पालन किया जा रहा है। ग्रामीण खुद भी कार्य की मजबूती देखकर बेहद संतुष्ट हैं। बुजुर्गों की आंखों में अब अपनी पुश्तैनी जमीनों को खोने का खौफ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित माहौल का सुकून है।
जब प्रशासनिक इच्छाशक्ति और विकास की नीयत साफ हो, तो आपदाओं का रास्ता रोका जा सकता है। छीनी गोठ में आकार ले रही यह सुरक्षा दीवार केवल नदी के उफान को नहीं रोकेगी, बल्कि गांव के विकास और समृद्धि को भी नए आयाम देगी। जल्द ही जब यह निर्माण पूरी तरह संपन्न होगा, तब छीनी गोठ में भय का दौर पूरी तरह समाप्त हो जाएगा और हर मानसून बेफिक्री का पैगाम लेकर आएगा।


