*मेरो पहाड़*
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में प्रदेश के सीमांत किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उनके स्थानीय उत्पादों को सीधा और पारदर्शी बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तराखंड उद्यान विभाग एवं भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के मध्य संपन्न हुआ समझौता ज्ञापन (MoU) एक मील का पत्थर साबित हो रहा है। इस पहल के अंतर्गत कृषक उत्पादक संगठन (FPO) के माध्यम से ITBP को कुल 1,462 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाले ताजे फलों एवं सब्जियों की सफलतापूर्वक आपूर्ति कराई गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने बताया कि यह आपूर्ति न केवल सुरक्षा बलों को शुद्ध एवं ताजा रसद उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध हो रही है, बल्कि राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत FPO और स्थानीय काश्तकारों की आजीविका में अभूतपूर्व सुधार का मार्ग भी प्रशस्त कर रही है। उद्यान विभाग के निरंतर प्रयासों और ITBP के सहयोग से बिचौलियों की व्यवस्था समाप्त हुई है, जिससे किसानों को उनके परिश्रम का उचित एवं पारदर्शी मूल्य सीधे प्राप्त हो रहा है। प्रशासनिक स्तर पर इस आपूर्ति प्रक्रिया की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि गुणवत्ता और समयबद्धता के उच्च मानकों को बनाए रखा जा सके। इस अंतर-विभागीय समन्वय से सीमांत क्षेत्रों में कृषि अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं। भविष्य में इस व्यवस्था का विस्तार कर राज्य के अन्य दूरस्थ FPO को भी इस आपूर्ति श्रृंखला से जोड़ने की योजना है, जिससे ‘वोकल फॉर लोकल’ की संकल्पना को धरातल पर साकार किया जा सके।



