*मेरो पहाड़*
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी विजन के अनुरूप जनपद चंपावत को सांस्कृतिक व धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर और अधिक समृद्ध बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री द्वारा चंपावत विधानसभा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध हिंगला देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं अवस्थापना विकास के क्रियान्वयन के तहत शासन ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में ₹48.41 लाख (अड़तालीस लाख इकतालीस हजार रुपये मात्र) की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस महत्वपूर्ण विकास योजना की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि शासन से प्राप्त यह बजट मंदिर परिसर हेतु सुविधाओं को मजबूत करने में मील का पत्थर साबित होगा। इस बहुआयामी परियोजना के माध्यम से स्थानीय पौराणिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा, साथ ही विभिन्न पर्वों, मेलों एवं धार्मिक आयोजनों के दौरान यहाँ पहुँचने वाले श्रद्धालुओं तथा आम जनमानस को सुगम, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वीकृत धनराशि के पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध उपयोग हेतु शासन द्वारा दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। संबंधित कार्यदाई संस्था को निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य को शीघ्रता से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनसामान्य को इस जनकल्याणकारी योजना का त्वरित लाभ मिल सके। इस पहल से न केवल स्थानीय स्तर पर धार्मिक पर्यटन को नई ऊर्जा मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था एवं रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी।



