*मेरो पहाड़*
*जिलाधिकारी ने कहा, संपर्क मार्ग बनने से क्षेत्रवासी होंगे लाभान्वित*
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वसुधूरा से सेला तक संपर्क मार्ग के निर्माण के लिए उत्तराखण्ड शासन ने 25 लाख रूपए की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। पंचायतीराज विभाग से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणा के क्रियान्वयन के लिए यह धनराशि चालू वित्तीय वर्ष में स्वीकृत की गई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि वसुधूरा से सेला तक संपर्क मार्ग बनने से क्षेत्रवासियों को लाभ मिलेगा। गांवों के बीच रोजमर्रा की आवाजाही आसान होगी। ग्रामीणों को बाजार और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी तथा विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में सहूलियत होगी। जनपद स्तरीय तकनीकी समिति (टीएसी) ने निर्माण कार्य के लिए 81.96 लाख रूपये की संस्तुति की थी, जिसके सापेक्ष शासन ने 25 लाख रूपये की धनराशि जिलाधिकारी के निवर्तन पर रखी है। शासनादेश के अनुसार जिलाधिकारी स्वीकृत धनराशि का आहरण कर निर्धारित शर्तों के अधीन कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराएंगे। जिलाधिकारी ने कहा निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित विभाग कार्यदायी संस्था के साथ निर्धारित प्रारूप में अनुबंध करेगा। कार्य को तय समय में पूरा कराने के लिए उसकी प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी।



