मेरो पहाड़
एंकर – चम्पावत जिले के बनबसा सैन्य छावनी मैदान में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली के चौथे दिन चम्पावत जिले की तीन तहसीलों के 850 अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक दस्तावेज जांच के बाद रैली में प्रतिभाग किया । चौथे दिन चम्पावत जिले के चम्पावत , पाटी व पूर्णागिरि तहसीलों के युवाओं ने दौड़ में भाग लिया। नौ बैचों में आयोजित दौड़ में 700 अभ्यर्थी सफल रहे।तड़के से ही सेना के जवानों ने अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच कर उन्हें रैली स्थल में प्रवेश दिया। दौड़ में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर उन्हें शारीरिक परीक्षण के अगले चरण के लिए भेजा गया।
भर्ती अधिकारी कर्नल अमोल दबडघाव ने बताया की चौथे दिन दौड़ में सफल रहे अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय परीक्षण शुक्रवार को होगा। पहले तीन दिन सफल रहे अभ्यर्थियों के चिकित्सकीय परीक्षण अभी जारी हैं। उन्होंने बताया कि रैली के पाँचवे दिन 27 नवंबर को चम्पावत जिले के लोहाघाट व बाराकोट तहसीलों के अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) अभ्यर्थी दौड़ में भाग लेंगे। इसी दिन चम्पावत और पिथौरागढ़ जिलों के अग्निवीर टेक्निकल और ट्रेड्समैन श्रेणी के अभ्यर्थी भी दौड़ में शामिल होंगे।
