लोहाघाट कॉलेज में लीगल एड क्लीनिक का उद्घाटन।




*मेरो पहाड़*
लोहाघाट। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंपावत के तत्वावधान में मंगलवार को स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लोहाघाट में लीगल एड क्लीनिक का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने क्लीनिक की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस सुविधा से महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को कानूनी जानकारी और निःशुल्क सहायता प्राप्त होगी। उन्होंने छात्रों को विधिक जागरूकता के साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
महाविद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ संगीता गुप्ता ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह क्लीनिक छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाएंगे और अपने साथ-साथ समाज में भी विधिक साक्षरता फैलाएंगे।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रोफेसर, लेफ्टिनेंट डॉ. कमलेश सक्टा ने कहा कि लीगल एड क्लीनिक युवाओं को कानून की बारीकियों से परिचित कराएगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाएगा। उन्होंने कहा कि यह सुविधा न केवल विवाद समाधान में मदद करेगी, बल्कि छात्रों को सामाजिक न्याय की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित भी करेगी।
कार्यक्रम में क्षेत्र के पैरा लीगल वॉलंटियर्स(अधिकार मित्र), महाविद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






