*मेरो पहाड़*
*चम्पावत, 10 नवंबर।* धौन क्रिकेट मैदान में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिए नौनचूला क्रिकेट कमेटी की सराहना की। मैदान में पहुंचने पर कमेटी के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी का स्वागत किया। 04 से 13 नवंबर तक चल रहे इस टूर्नामेंट में क्षेत्र की कई टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में स्थानीय युवाओं द्वारा इस तरह के टूर्नामेंट का आयोजन करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र के युवाओं का खेलों से जुड़ना बहुत अच्छी बात है। स्थानीय स्तर पर ऐसी प्रतियोगिताओं से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। जिलाधिकारी ने युवाओं से नियमित रूप से खेलों में भाग लेने, खेल भावना के साथ खेलने और नशे से दूर रहने की अपील की। इस दौरान नौनचूला क्रिकेट कमेटी ने खिलाड़ियों के लिए क्रिकेट किट उपलब्ध कराने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। कार्यक्रम में आयोजन समिति के नवीन रावत, शंकर भट्ट, चन्द्र प्रकाश भट्ट, बंशीधर भट्ट, अमित सिंह और रविन्द्र भट्ट सहित खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद रहे।



