Advertisement
Advertisement

 

टनकपुर में नवयुवक रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित दशहरा महोत्सव विजयादशमी के अवसर पर धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। दस दिनों तक चले महोत्सव में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम देखने को मिला। मंगलवार को रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के विशाल पुतलों का दहन किया गया। इस दौरान भव्य आतिशबाजी ने आसमान को रोशनी से जगमगा दिया और मैदान में मौजूद दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारों के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का उत्सव मनाया।

Advertisement

दशहरा महोत्सव के दौरान आयोजित दस दिवसीय रामलीला में कलाकारों ने भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का सजीव मंचन किया। रामलीला देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु और नगरवासी पहुंचे। विजयादशमी के अवसर पर रावण परिवार के पुतलों के दहन के साथ पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। जैसे ही भगवान श्रीराम ने रावण पर बाण चलाया, पुतले धू-धू कर जल उठे। इसके साथ ही हुई आकर्षक आतिशबाजी ने दर्शकों का मन मोह लिया। पूरनपुर से आई विशेष आतिशबाजी टीम की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।

नवयुवक रामलीला कमेटी ने इस वर्ष दशहरा महोत्सव को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों से भी जोड़ा। महोत्सव के अंतर्गत श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को धर्म और आध्यात्मिकता से जुड़ने का अवसर मिला। महिलाओं के लिए विशेष डांडिया नाइट आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

इसके अलावा उत्तराखंड डांस कॉम्पटीशन में स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत की। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। महोत्सव परिसर में लगे झूले, खेल और विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों ने झूलों का आनंद लिया, जबकि परिवारों ने मेले में घूमकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का लुत्फ उठाया।

महोत्सव के दौरान सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में सैकड़ों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इस पहल के माध्यम से कमेटी ने धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।

कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने अतिथियों के स्वागत में स्वागत गीत प्रस्तुत किया। छात्राओं की प्रस्तुति ने कार्यक्रम की शुरुआत को गरिमामय बनाया।

 

बुधवार को लकी ड्रॉ और पुरस्कार वितरण के साथ होगा समापन

 

नवयुवक रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए कमेटी के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों, सहयोगियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि बुधवार को लकी ड्रॉ और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें विजेताओं को सम्मानित करने के साथ स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। इसके साथ ही दशहरा महोत्सव का विधिवत समापन किया जाएगा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजेंद्र चौधरी, उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार, सीओ निहारिका सेमवाल, विशिष्ट अतिथि नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल, पालिकाध्यक्ष विपिन कुमार, कोतवाल चेतन रावत, व्यापार मंडल अध्यक्ष वैभव अग्रवाल, कमेटी संस्थापक विशाल अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष नीरज सिंह, संजय पांडेय, प्रतिभा अग्रवाल, संरक्षक बद्री प्रसाद शर्मा, ओंकार सिंह, बोर्ड अध्यक्ष गौरव गुप्ता, सचिव मयंक पंत, उपाध्यक्ष संजय गर्ग, कोषाध्यक्ष अमित परवेज, मेला संचालक हरीश भट्ट तथा सदस्य पूनम कोहली, गीता गुप्ता, सुषमा गुप्ता और दीपक राय, जूही, ऋतु शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।