*मेरो पहाड़*

 

 

 

 

*कैबिनेट मंत्री खजान दास ने गोलज्यू मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान में किया प्रतिभाग, एक पेड़ मां के नाम’ के तहत किया पौधारोपण*

 

*तिलौन आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित हुआ अन्नप्राशन, गोदभराई व कन्या जन्मोत्सव*

 

मा0 प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मंगलवार को जनपद चम्पावत में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनसंवाद से जुड़े विभिन्न गरिमामय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

 

 इन कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करते हुए उत्तराखण्ड सरकार के समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण एवं भाषा मंत्री श्री खजान दास ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जनकल्याणकारी गतिविधियों का शुभारंभ किया।

 

कार्यक्रम की शुरुआत में माननीय मंत्री ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय पार्क (गौरल चौड़ मैदान के समीप) स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। तत्पश्चात उन्होंने गोलज्यू महाराज मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान का नेतृत्व करते हुए परिसर की सफाई की तथा उपस्थित जनसमूह को स्वच्छता की शपथ दिलाई। 

 

उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि हमारे दैनिक आचरण की नींव है। धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता में जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। इसके उपरांत उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया और रोपित पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल पर बल दिया।

 

सेवा संकल्प अभियान के दूसरे चरण में माननीय मंत्री ने विकासखंड चम्पावत की ग्राम पंचायत पुनेठी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र तिलौन में आयोजित ‘आंगन मिलन उत्सव’ में सहभागिता की। इस अवसर पर केंद्र में अत्यंत उत्साहजनक वातावरण के बीच अन्नप्राशन, कन्या जन्मोत्सव एवं गर्भवती महिलाओं का गोद भराई कार्यक्रम संपन्न कराया गया। मंत्री श्री खजान दास ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं सहायिका को सम्मानित भी किया। 

 

उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों को बाल विकास एवं मातृ सुरक्षा की धुरी बताते हुए कार्यकत्रियों के योगदान की सराहना की और स्थानीय स्तर पर प्राप्त सुझावों व समस्याओं पर त्वरित विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया।

 

जनपद के बनबसा में आयोजित राज्य मंत्रिमंडल की ऐतिहासिक बैठक का उल्लेख करते हुए माननीय मंत्री ने कहा कि दूरस्थ व सीमावर्ती जनपदों में कैबिनेट बैठक आयोजित करने की पहल से स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप नीतिगत निर्णय लेने में मदद मिलेगी। इससे क्षेत्र के विकास को अभूतपूर्व गति मिलेगी तथा प्रशासनिक तंत्र में नई ऊर्जा का संचार होगा। उन्होंने बताया कि अभियान के समापन अवसर पर देश भर के प्रतिनिधियों व नागरिकों के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का विशेष संबोधन भी आयोजित किया जाएगा।

 

इस अवसर पर दर्जाधारी श्री श्याम नारायण पांडे, श्री रोहित बिष्ट, विधायक प्रतिनिधि श्री प्रकाश तिवारी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पांडे, जिला उपाध्यक्ष श्री कैलाश अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय सिंह, समाज कल्याण अधिकारी श्री आर.एस. सामंत, जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश सिंह बृजवाल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका चम्पावत श्री भरत त्रिपाठी, सुपरवाइजर पुष्पा चौधरी प्रभा गोस्वामी, सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय महिलाएं व नागरिक उपस्थित रहे।