युवाओं के रोजगार के सपने साकार करने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल, रोजगार मेले में 52 युवाओं का चयन।






*मेरो पहाड़*
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ विजन को साकार करने तथा अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में जनपद के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने एवं रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास लगातार जारी हैं।
इसी क्रम में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को जिला सेवायोजन कार्यालय, चम्पावत में एक दिवसीय रोजगार मेले का सफल आयोजन किया गया।
रोजगार मेले में एसआईएस (सिक्योरिटी एंड इंटेलीजेंस सर्विसेज ) के प्लेसमेंट ऑफिसर अमित वर्मा ने प्रतिभाग करते हुए इच्छुक अभ्यर्थियों का पंजीकरण, साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया संपन्न कराई। मेले में जनपद के 65 बेरोजगार युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया, जिनमें से 52 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को एसआईएस अकादमी, देहरादून में आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किए जाने के उपरांत कंपनी में नियुक्ति दी जाएगी।
इस अवसर पर प्लेसमेंट ऑफिसर अमित वर्मा ने अभ्यर्थियों को कंपनी में उपलब्ध रोजगार के अवसरों, सेवा शर्तों, प्रशिक्षण प्रक्रिया, वेतनमान तथा कैरियर विकास की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को अनुशासन, समर्पण एवं सकारात्मक कार्य संस्कृति के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
जिला सेवायोजन अधिकारी आर. के. पंत ने उपस्थित युवाओं को सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक युवाओं से ऐसे रोजगार मेलों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला सेवायोजन कार्यालय के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे तथा रोजगार मेले के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।






