ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश।

*मेरो पहाड़*
जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में ई-ऑफिस प्रणाली के क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में ई-ऑफिस के उपयोग की स्थिति का विस्तृत परीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान पाया कि कुछ विभागों द्वारा अभी भी ई-ऑफिस प्रणाली का समुचित उपयोग नहीं किया जा रहा है। इस पर उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्यालयी कार्यों का अधिकतम निष्पादन ई-ऑफिस के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली से कार्यों में पारदर्शिता, त्वरित निस्तारण तथा अभिलेखों का सुव्यवस्थित प्रबंधन संभव हो रहा है, इसलिए सभी विभाग इसे प्राथमिकता के आधार पर अपनाएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करते हुए ई-ऑफिस के माध्यम से पत्रावलियों का संचालन सुनिश्चित करें। साथ ही जिन विभागों में ई-ऑफिस का उपयोग अपेक्षित स्तर पर नहीं हो रहा है, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए नियमित उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, उपजिलाधिकारी बी.सी. पंत, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सामंत, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


