Advertisement
Advertisement
Advertisement

 *मेरो पहाड़*

 

 

*मेले में बैठने के लिए बनेगी दर्शक दीर्घा, श्रद्धालुओं को मिलेगी ध्यान केंद्र की सुविधा*

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के तहत लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठांटा में ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। मेला परिसर में दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र का भी निर्माण होगा। शासन ने इन कार्यों के लिए 97.10 लाख रुपये की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। चालू वित्तीय वर्ष में पहली किस्त के रूप में 58.26 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं, जो कुल स्वीकृत लागत का 60 प्रतिशत है। दर्शक दीर्घा बनने से मेले के दौरान स्थानीय लोगों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को बैठकर कार्यक्रम देखने की सुविधा मिलेगी। वहीं, ध्यान केंद्र से श्रद्धालुओं को ध्यान के लिए एक निर्धारित स्थान उपलब्ध होगा। मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के साथ इन सुविधाओं के विकसित होने से ग्राम पंचायत ठांटा के ऐतिहासिक मेला परिसर में आगंतुकों के लिए बेहतर व्यवस्था हो सकेगी। पंचायतीराज विभाग से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 587/2026 के तहत ये कार्य कराए जाएंगे। शासनादेश के अनुसार पहली किस्त की धनराशि जिलाधिकारी चम्पावत के निवर्तन पर रखी जाएगी। जिलाधिकारी निर्धारित शर्तों के अनुसार यह धनराशि कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराएंगे। निर्माण शुरू करने से पहले संबंधित विभाग कार्यदायी संस्था के साथ अनुबंध करेगा और विस्तृत आगणन व मानचित्र पर सक्षम अधिकारी से तकनीकी स्वीकृति ली जाएगी।