*मेरो पहाड़*
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दूरदर्शी नेतृत्व में उत्तराखंड के दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक सुगम परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विस्तृत जानकारी देते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जनपद में कुल 38 सड़कों के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। लगभग 350 किलोमीटर कुल लंबाई वाली इन सभी 38 सड़कों का प्रथम चरण का सर्वे कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया जा चुका है। इसके साथ ही, पर्यावरण और वनीकरण नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के लिए क्षतिपूरक वनीकरण हेतु आवश्यक भूमि का हस्तांतरण भी किया जा चुका है।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने आगे अवगत कराया कि निर्माण प्रस्तावों में किसी भी प्रकार की तकनीकी त्रुटि की गुंजाइश न रहे, इसके लिए स्टेट टेक्निकल एजेंसी के माध्यम से सभी डीपीआर (DPR) की वेटिंग और गहन जांच का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। इस संबंध में उत्तराखंड सरकार तथा भारत सरकार के स्तर पर प्रारंभिक बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं, जिसके परिणामस्वरूप भारत सरकार से इन प्रस्तावों की प्रारंभिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इन सड़कों की अंतिम स्वीकृति भी शीघ्र ही मिलने की पूरी संभावना है। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी प्रशासनिक एवं तकनीकी औपचारिकताएं अंतिम चरण में हैं और आने वाले दिसंबर माह से इन सभी 38 सड़कों पर एक साथ निर्माण कार्य तेजी से गतिमान कर दिए जाएंगे। इन सड़कों के निर्माण से सीमांत और छूटे हुए क्षेत्रों तथा हैम्लेट्स (मजरों) को मुख्य मार्ग से जोड़ा जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन में हो रही दैनिक कठिनाइयों का स्थायी समाधान मिल सकेगा।
