मेरो पहाड़

 

चम्पावत जिले में परिषदीय परीक्षा 2027 के केंद्र निर्धारण को लेकर बैठक का आयोजन किया गया । जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जनपदीय समिति की बैठक में पाटी ब्लॉक के दूरस्थ राजकीय इंटर कॉलेज बिनवालगांव को पहली बार नया परीक्षा केंद्र, बनाया गया है। जिससे छात्र छात्राओं को परीक्षा देने अन्यत्र जाने से राहत मिलेगी ।बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण और व्यवस्थाओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक में बताया गया कि चम्पावत में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की आगामी परीक्षाओं के संचालन के लिए कुल 45 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 44 मिश्रित केंद्र और 01 एकल केंद्र शामिल है।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के परीक्षार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए विकासखंड पाटी के अंतर्गत आने वाले दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बिनवालगांव को पहली बार नवीन परीक्षा केंद्र के रूप में गठित किया गया है। पूर्व में इस विद्यालय के छात्रों को परीक्षा देने के लिए लगभग 26 किलोमीटर दूर राजकीय इंटर कॉलेज मछियाड़ जाना पड़ता था । उन्होंने कहा कि बिनवालगांव में नया केंद्र बनने से विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस पाटी ब्लॉक के छात्र-छात्राओं को लंबी दूरी तय करने की समस्या से मुक्ति मिलेगी और उनके समय व श्रम की भारी बचत होगी। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही अन्य क्षेत्रों के मार्गों और दूरियों की भी समीक्षा की गयी जिसमे राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोली (विकासखंड चम्पावत) के छात्रों की असुविधा को देखते हुए जिलाधिकारी ने इसका पूर्व निर्धारित केंद्र (रा०इ०का० भिंगराड़ा, जो कि 15 किमी दूर था) बदलकर अधिक सुगम और कम दूरी (12 किमी) वाले राजकीय इंटर कालेज दुबचौड़ा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया की मानक (60 परीक्षार्थी) से कम संख्या होने के बावजूद रा०इ०का० सूखीढांग, रमक, गरसाड़ी और बिनवालगांव समेत कई अन्य विद्यालयों को भी परीक्षा केंद्र बनाए जाने के निर्देश दिए ताकि किसी भी छात्र को आवागमन में परेशानी न हो।बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी धिनो पुरुषोत्तमन, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह समेत विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे ।