मेरो पहाड़
चम्पावत जिले में एक दिवसीय कीवी महोत्सव का आयोजन किया गया । जिसमें कुमाऊँ मंडल के 5 जिलों नैनीताल , अल्मोड़ा , बागेश्वर , पिथौरागढ़ व चम्पावत के कीवी उत्पादक किसानों व विशेषज्ञों ने प्रतिभाग किया किसानों की आय बढ़ाने तथा गांवों में स्वरोजगार के अवसर विकसित कर रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में कीवी महोत्सव एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मनीष कुमार एवं विशिष्ट अतिथि दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। महोत्सव में कीवी उत्पादन के विस्तार के साथ ही पैकेजिंग, ब्रांडिंग, विपणन एवं मूल्य संवर्धन के माध्यम से किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर विस्तार से चर्चा की गयी ।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के तहत किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य की दिशा में कृषि एवं बागवानी में नवाचार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। चम्पावत की जलवायु कीवी उत्पादन के लिए अनुकूल है। उन्होंने महोत्सव की सराहना करते हुए किसानों से विशेषज्ञों एवं अनुभवी उत्पादकों से व्यावहारिक जानकारी प्राप्त कर उसे अपने बागानों में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्पादन के साथ गुणवत्ता, उचित पैकेजिंग और बाजार से जुड़ाव पर ध्यान देने से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।महोत्सव में विभिन्न जनपदों से आए किसानों ने अपने अनुभव साझा किए और विशेषज्ञों के साथ संवाद कर खेती-बागवानी से जुड़े प्रश्नों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कीवी महोत्सव में कीवी एवं अन्य स्थानीय उत्पादों के कुल 9 स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों ने उत्पादों की जानकारी लेने के साथ खरीदारी भी की। महोत्सव के दौरान 250 से 300 रूपये प्रति किलोग्राम की दर से लगभग 40 हजार रूपये की कीवी की बिक्री हुई। कीवी उत्पादन एवं बागवानी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर प्रथम स्थान प्राप्त श्री मनोज कोरंगा, द्वितीय स्थान प्राप्त श्री रमेश चन्द्र खर्कवाल तथा तृतीय स्थान प्राप्त श्री पीताम्बर गहतोड़ी को जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा प्रमाण पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने बताया जिले में कीवी महोत्सव में उधमसिंह नगर छोड़ कुमाऊँ के सभी जिलों के कीवी उत्पादको ने प्रतिभाग किया व अपने अनुभव साझा किए । उन्होंने बतया की चम्पावत जिले में पूर्व में 6 हेक्टेयर में इसकी खेती की जाती है जिसे बढ़ाकर 40 हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा गया है ।
वही बागेश्वर से आये किसान भवान सिह कोरंगा जिन्हें कीवी मैन से जाना जाता है ने बताया की यह महोत्सव कीवी किसान के लिए बहुत अच्छा है यहां पर विशेषज्ञों के माध्यम से विभिन्न जानकारियां दी जा रही है । इससे किसानों को काफी लाभ मिलेगा ।
