मेरो पहाड़
एंकर- चम्पावत जिले के बनबसा में 23 नवंबर से 29 नवंबर, 2026 तक मिलिट्री स्टेडियम बनबसा में आयोजित होने वाली अग्निवीर सेना भर्ती रैली की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया । जिलाधिकारी कार्यालय में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित तैयारी बैठक में चम्पावत, पिथौरागढ़ के अभ्यर्थियों की सहभागिता तथा भर्ती के दौरान उनके लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सेना के अधिकारियों से समन्वय करते हुए विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य, परिवहन, ठहरने, भोजन, साफ-सफाई एवं शौचालय सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि भर्ती रैली में प्रतिभाग करने वाले युवाओं को आवागमन और ठहरने सहित मूलभूत सुविधाओं को लेकर असुविधा न हो, इसके लिए विभाग आपसी समन्वय से तैयारियां पूरी करें। उन्होंने अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए धर्मशालाओं एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर व्यवस्था करने तथा भोजन और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ।
बैठक मे बताया गया की 23 नवंबर 2026 से 29 नवम्बर तक आयोजित इस रैली में 23 को पिथौरागढ़ तहसील के अग्निवीर जीडी श्रेणी के 834 अभ्यर्थी, 24 नवंबर को मुनस्यारी, बंगापानी, थल, तेजम, गंगोलीहाट एवं गणाई गंगोली के 949 अभ्यर्थी तथा 25 नवंबर को कनालीछीना, बेरीनाग, धारचूला, डीडीहाट, पांखू एवं देवलथल के 990 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। 26 नवंबर को चम्पावत जनपद की चम्पावत, पाटी एवं पूर्णागिरि तहसीलों के अग्निवीर जीडी श्रेणी के 988 अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 27 नवंबर को लोहाघाट एवं बाराकोट तहसीलों के अग्निवीर जीडी तथा चम्पावत एवं पिथौरागढ़ जनपदों की सभी तहसीलों के अग्निवीर तकनीकी और अग्निवीर ट्रेड्समैन आठवीं एवं दसवीं पास श्रेणियों के कुल 731 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। इस प्रकार कार्यक्रम में कुल 4,492 अभ्यर्थी शामिल होंगे। 28 एवं 29 नवंबर 2026 को चिकित्सा परीक्षण एवं दस्तावेजी प्रक्रिया के लिए आरक्षित रखा गया है।बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित आर्मी व जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे,।
