*मेरो पहाड़*
चम्पावत। उत्तराखंड राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तराखंड के सहयोग से विद्यालयी शिक्षा विभाग चम्पावत के तत्वावधान में आज ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जिला विज्ञान महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन पी.एम. श्री अटल उत्कृष्ट शहीद राहुल रैंसवाल राजकीय इंटर कॉलेज, चम्पावत में किया गया। महोत्सव में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने विज्ञान आधारित मॉडलों, परियोजनाओं एवं नाटक के माध्यम से अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, रचनात्मक सोच और तकनीकी समझ का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए वैज्ञानिक मॉडलों का अवलोकन करते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि विज्ञान महोत्सव विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को पहचानने और उसे विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक एवं गतिविधि आधारित शिक्षा के लिए निरंतर प्रेरित करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह ने इस प्रकार के आयोजनों को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, तार्किक क्षमता एवं अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करने में सहायक बताया।कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं स्थल संयोजक उमेद सिंह बिष्ट ने की। जिला विज्ञान समन्वयक नवीन चन्द्र पंत ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए जनपद में संचालित विभिन्न विज्ञान गतिविधियों, विज्ञान संबंधी कार्यक्रमों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की।कार्यक्रम का संचालन जिला विज्ञान समन्वयक नरेश जोशी ने किया।
विदित है कि इस वर्ष विज्ञान महोत्सव का मुख्य विषय *सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार’* निर्धारित किया गया था। इसके अंतर्गत बाल वैज्ञानिको ने प्रदर्शनी में सात उपविषयों पर आधारित मॉडल एवं परियोजनाएं प्रस्तुत कर अपने मॉडलों के माध्यम से स्थानीय समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान प्रस्तुत किए।
विज्ञान महोत्सव के अंतर्गत आयोजित विज्ञान नाट्य प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं तथा महासागरों का संरक्षण जैसे विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के सामाजिक, पर्यावरणीय और भविष्यगत महत्व को रोचक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।इस अवसर पर जगदीश अधिकारी अनिल मिश्रा सतीश गहतोड़ी जीवन सोराड़ी भुवन जोशी नवीन पांडेय राकेश शर्मा प्रकाश जोशी गिरीश जोशी कैलाश जोशी देवेश बिनवाल ललित मोहन जोशी दिनेश अधिकारी अंकित गड़कोटी कैलाश भट्ट कमल गहतोड़ी रेखा बेरी संजय सोराड़ी हेम सोराड़ी गीता पाटनी सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, विज्ञान गतिविधियों से जुड़े प्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
जिला विज्ञान महोत्सव ने यह संदेश दिया कि पर्वतीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में भी वैज्ञानिक प्रतिभा, अनुसंधान और नवाचार की असीम संभावनाएं हैं। आवश्यकता है उन्हें उचित मंच, मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को केवल विज्ञान के सिद्धांतों से परिचित नहीं कराते, बल्कि उन्हें वास्तविक जीवन की समस्याओं को समझने और उनके समाधान खोजने के लिए भी प्रेरित करते हैं। निश्चित रूप से यह पहल भविष्य के वैज्ञानिकों, नवप्रवर्तकों एवं जिम्मेदार नागरिकों के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।



