अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर टनकपुर में जागरूकता रैली।




*मेरो पहाड़*
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंपावत के निर्देशानुसार मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बाह्य न्यायालय टनकपुर और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में विशेष साक्षरता एवं विधिक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूली बच्चों के साथ एक रैली भी निकाली गई।
कार्यक्रम का संचालन पीएलवी बिजेंद्र अग्रवाल ने किया, जबकि अध्यक्षता सिविल जज (जूनियर डिविजन) श्रीमती प्रियांशी नगरकोटि ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण के लिए युवा सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि युवा शक्ति के मामले में भारत विश्व में पहले स्थान पर है और युवाओं के आर्थिक, सामाजिक व बौद्धिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
पीएलवी अर्जुन सिंह ने युवाओं के लिए चल रहे सरकारी कार्यक्रमों — जैसे कौशल विकास, स्टार्टअप, स्किल इंडिया और राष्ट्रीय युवा नीति — की जानकारी दी। वहीं, पीएलवी बिजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि 11 से 26 अगस्त तक विशेष लोक अदालत अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत नैनीताल न्यायालय में प्रतिदिन आपसी सहमति व सुलह के आधार पर विवादों का निशुल्क समाधान किया जाएगा।
इसके उपरांत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें छात्राओं ने रंगोली व तिरंगा बनाया। बाद में छात्राओं व पीएलवी टीम के साथ रैली निकाली गई, जिसमें युवाओं को जागरूकता संदेश दिए गए।
कार्यक्रम में पीएलवी बिजेंद्र अग्रवाल, अर्जुन सिंह, दीपा देवी, किरण जोशी, अर्चना लोहनी, शमशाद बानो, हरिप्रिया जोशी, इजहार अली, पूजा, प्रकाश आर्य, प्रो बोनो पीएलवी सुनीता टम्टा, भागीरथी बोहरा सहित 190 लाभार्थी उपस्थित रहे।






