विवादित बयान के चलते मुश्किलों में घिरे मंत्री प्रेम चन्द्र अग्रवाल ने दिया इस्तीफा, तेज हुई मंत्रिमंडल में फेरबदल की संभावना।




*मेरो पहाड़*
देहरादून। उत्तराखंड के संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने मंत्रिमंडल से अपना इस्तीफा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सौंप दिया है। उत्तराखंड विधानसभा के बीते बजट सत्र में उनके एक बयान को लेकर कई दिनों से हंगामा मचा हुआ था।
कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने रविवार, 16 मार्च को इस्तीफे की पेशकश करते हुए कहा कि जिस तरह से मेरे खिलाफ माहौल बनाया गया मैं उसे आहत हूं और आज मुख्यमंत्री से मिलकर अपना इस्तीफा देने जा रहा हूं। यह बात कहते हुए प्रेमचंद अग्रवाल भावुक होकर रोने लगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि उनके खिलाफ जिस तरह का माहौल बनाया गया, उससे वह आहत हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक संघर्ष को याद करते हुए कहा, “आंदोलनकारी रहते हुए मैंने बहुत संघर्ष किया। मुजफ्फरनगर कांड के समय मैं अकेले ट्रक में बैठकर गया। मैंने उत्तराखंड के निर्माण में लाठियां खाईं और अहम भूमिका निभाई, लेकिन आज मुझे टारगेट बनाया जा रहा है।”
प्रेमचंद अग्रवाल के इस ऐलान के बाद उत्तराखंड में कैबिनेट फेरबदल की संभावनाएं मजबूत हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सरकार कुछ और मंत्रियों के विभागों में बदलाव कर सकती है।
प्रेमचंद अग्रवाल के इस्तीफे के बाद राज्य की राजनीति में हलचल जरूर बढ़ गई है।





