उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू (H5N1) संक्रमण की पुष्टि होने से चम्पावत जिले में बढ़ी सतर्कता। जिले में संक्रमण की रोकथाम के लिए बाहर से आने वाली मुर्गियों, अंडों और फीड के आगमन पर एक सप्ताह के लिए लगी रोक ।




मेरो पहाड़
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के विलासपुर में बर्ड फ्लू (H5N1) संक्रमण की पुष्टि होने से चम्पावत जिले में सतर्कता बढ़ा दी गयी है । जिले में संक्रमण की रोकथाम के लिए बाहर से आने वाली मुर्गियों, अंडों और फीड के आगमन पर एक सप्ताह के लिए रोक लगा दी गयी है ।जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि संभावित संक्रमण को रोकने के लिए आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के अंतर्गत तत्काल प्रभाव से आदेश जारी किए गए है उन्होंने बताया कि तहसील पूर्णागिरि (टनकपुर) के सभी प्रवेश द्वारों पर उत्तर प्रदेश से आने वाली मुर्गियों, अंडों एवं उनके फीड के आगमन पर एक सप्ताह के लिए पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।जिलाधिकारी ने सभी कुक्कुट पालकों एवं किसानों से अपील की है कि वे अपने पक्षियों की विशेष देखभाल करें और अगले एक सप्ताह तक उत्तर प्रदेश या उसकी सीमा से सटे क्षेत्रों से किसी भी प्रकार के पक्षी, अंडे, फीड अथवा संबंधित सामग्री की खरीद से बचें।जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक, प्रभागीय वनाधिकारी, उपजिलाधिकारी पूर्णागिरि (टनकपुर) एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को इन आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जनपद में इस बीमारी का प्रसार रोका जा सके। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि केवल जांच एवं प्रमाणन के उपरांत ही जनपद में कुक्कुट पक्षियों का आवागमन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, वन विभाग के अधिकारियों को भी जंगली एवं प्रवासी पक्षियों में संक्रमण की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।






