सेवा संकल्प अभियान: जन-जन की सरकार कार्यक्रम में मिली शिकायत का त्वरित निस्तारण, चन्दनी ग्राम में पेयजल लाइन मरम्मत का कार्य शुरू।
*मेरो पहाड़*
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश भर में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम आम जनमानस की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का एक सशक्त माध्यम साबित हो रहा है। इसी क्रम में गत 25 सितम्बर को टनकपुर में आयोजित ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम के दौरान प्राप्त जनशिकायत पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए थे।जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जल संस्थान द्वारा तत्परता दिखाते हुए ग्राम चन्दनी में पेयजल पाइपलाइन की लीकेज मरम्मत का कार्य तुरंत प्रारंभ कर दिया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए अधिशासी अभियंता जल संस्थान आर. पी. डोभाल ने बताया कि शिकायत प्राप्त होते ही विभागीय टीम को स्थल पर रवाना कर कार्य शुरू करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य को शीघ्र अति शीघ्र पूर्ण कर ग्रामीणों को सुचारू एवं स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। ‘जन-जन की सरकार’ पहल के तहत धरातल पर हो रही इस त्वरित कार्यवाही से स्थानीय ग्रामीणों में भारी उत्साह है और उन्होंने राज्य सरकार व जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।






