Advertisement

*मेरो पहाड़*

 

एनएचपीसी लिमिटेड के 52वें स्थापना दिवस पर टनकपुर पावर स्टेशन को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। टनकपुर पावर स्टेशन को सर्वश्रेष्ठ पावर स्टेशन पुरस्कार से नवाजा गया है

 

विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यक्षमता, बेहतर प्रदर्शन और सामूहिक टीम भावना का परिचय देते हुए टनकपुर पावर स्टेशन ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का लोहा मनवाया है। एनएचपीसी लिमिटेड के टनकपुर पावर स्टेशन को वर्ष 2025-26 के लिए प्रतिष्ठित ‘सर्वश्रेष्ठ पावर स्टेशन’ (Best Rated Power Station) – ROR श्रेणी के उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

 

17 नवंबर को एनएचपीसी लिमिटेड के निगम मुख्यालय फरीदाबाद में आयोजित 52वें स्थापना दिवस समारोह के दौरान यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। एनएचपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने टनकपुर पावर स्टेशन के प्रमुख ऋषि रंजन आर्य को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस गौरवशाली अवसर पर एनएचपीसी के निदेशकगण, उच्चाधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिजन भी उपस्थित रहे ।

 

उल्लेखनीय है कि एनएचपीसी की ओर से यह पुरस्कार पूरे वर्ष के प्रदर्शन और उपलब्धियों के मूल्यांकन के आधार पर किसी एक पावर स्टेशन को प्रदान किया जाता है। वर्ष 2025-26 के दौरान टनकपुर पावर स्टेशन ने विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कीर्तिमान स्थापित करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

 

इस उपलब्धि पर टनकपुर पावर स्टेशन के प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने पावर हाउस की समर्पित टीम और टनकपुर पावर स्टेशन परिवार के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस गौरवपूर्ण सफलता के पीछे प्रत्येक कर्मचारी का कठिन परिश्रम, समर्पण, अनुशासन और मजबूत टीम भावना है।