×

खेतीखान के गोशनी क्षेत्र में लंगूरों का आतंक, फसलों को भारी नुकसान।

खेतीखान के गोशनी क्षेत्र में लंगूरों का आतंक, फसलों को भारी नुकसान।

*मेरो पहाड़*

 

खेतीखान क्षेत्र के गोशनी गांव में पिछले करीब तीन महीनों से लंगूरों के आतंक से ग्रामीण और किसान परेशान हैं। लंगूरों के झुंड लगातार खेतों में घुसकर किसानों की फसलों और फलदार पौधों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार पहले फल-फूल और राजमा की फसल को बर्बाद किया गया और अब मंडुवा के साथ-साथ खीरा, सोयाबीन, मक्का,गहत, अखरोट, माल्टा आदि फसलों एवं फलों को भी लंगूर खाकर नष्ट कर रहे हैं। भटगांव, कर्नाटक गांव, ओली गाँव पार गोशनी व पनखोला, सुनारगांव में लंगूरों ने सारी फसलें बर्बाद कर दी हैं

लंगूरों के आतंक से राजू ओली, नरेश ओली, बसंत ओली, सतीश ओली, सोमप्रकाश ओली, नवीन चतुर्वेदी, दीपक ओली, जगदीश गहतोड़ी, कीर्ति चंद्र, संदीप कलखुड़िया, बची देवी, पुष्पा देवी, देवकी देवी, आशा डुंगरिया, आशा देवी, कमला, जानकी देवी, गिरीश पांडे, मोहन पांडे और प्रकाश पांडे सहित कई ग्रामीणों की फसलें प्रभावित हुई हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि लंगूरों का आतंक अब केवल फसलों तक सीमित नहीं है, बल्कि कई बार लंगूर लोगों की ओर आक्रामक होकर काटने के लिए दौड़ पड़ते हैं। खासकर महिलाओं को खेतों में काम करने और फसलों की रखवाली करने में भय बना रहता है। दिन-रात खेतों में पहरा देने के बावजूद किसान अपनी फसलों को बचाने में असमर्थ हैं।

ग्रामीणों ने विभाग एवं सरकार से अनुरोध किया है कि लंगूरों के बढ़ते आतंक का तत्काल संज्ञान लेते हुए उन्हें क्षेत्र से दूर करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। साथ ही लंगूरों द्वारा बर्बाद की गई फसलों का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि किसानों को हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई हो सके।