जल निकासी के लिए खोदी गई सड़क ने पैदा कर दी मुसीबत लोगों को आने-जाने में हो रही काफी दिक्कत। जल निकासी के लिए खोदी गई सड़क ने पैदा कर दी मुसीबत लोगों को आने-जाने में हो रही काफी दिक्कत।*मेरो पहाड़*
जनपद चंपावत के टनकपुर बनबसा क्षेत्र में पहली ही बारिश में जगह जगह जल भराव से आम जन के लिए परेशानी हो गई है और अब प्रशासन जल निकासी की व्यवस्था करने में जुट गया है, ताकि आम जनता को कुछ राहत मिल सके।
इसी क्रम में शुक्रवार को पूर्णागिरी तहसील के तहसीलदार जगदीश गिरी के नेतृत्व में प्रशासन की टीम रोडवेज वर्कशॉप में जल भराव की समस्या को निपटाने और जल निकासी की व्यवस्था करने पहुंचा। इस दौरान प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग से आमबाग की ओर जाने वाली सड़क को तोड़कर उसके नीचे से पाइप डाल पानी बाहर निकालने की कवायद शुरू की गई, परंतु इसी बीच स्थानीय लोगो ने अपने खेतो की ओर पानी छोड़े जाने का विरोध करना शुरू कर दिया। स्थानीय लोगो का कहना था कि अन्य जगह से जल निकासी कर उनके खेतो की ओर पानी छोड़े जाने से उनके लिए समस्या पैदा की जा रही है। स्थानीय लोगो के विरोध के बाद प्रशासन की टीम वापस लौट आई। लौटते हुए प्रशासन की टीम ने खोदी हुई सड़क को खानापूर्ति के लिए भर दिया और वापस लौट आई। इसके बाद स्थानीय लोगो के लिए आफत पैदा हो गई और टूटी हुई सड़क पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगो की माने तो कल से अब तक एक दर्जन से अधिक लोग सड़क पर फिसलकर गिरने से चोटिल हो गए हैं, वहीं एक ई रिक्शा भी सड़क से नीचे गिर गया, जिसके हाइड्रा के माध्यम से उठाना पड़ा।
तहसीलदार जगदीश गिरी ने बताया कि स्थानीय लोगो के विरोध के चलते काम को रोकना पड़ा। उपजिलाधिकारी के क्षेत्र में आने के बाद सभी पक्षों के साथ बैठकर समस्या का समाधान किया जाएगा। सड़क में हुए गढ्ढे से लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बारे में बात करने पर तहसीलदार ने कहा कि भरान करते समय उचित व्यवस्था की गई थी, बरसात के कारण मिट्टी बैठने के चलते गढ्ढे हो गए होंगे जिसे जल्द ही भर दिया जायेगा।