*मेरो पहाड़*

 

*चौमेल व पुलहिंडोला में मिनी स्टेडियम तथा मूलाकोट, पाटी व ईजडा में खेल मैदान निर्माण का प्रस्ताव*

 

*युवाओं को स्थानीय स्तर पर अभ्यास और खेल प्रतिभा निखारने के अवसर मिलेंगे : जिलाधिकारी*

 

 मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अंतर्गत जनपद चम्पावत के विधानसभा क्षेत्र लोहाघाट में खेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कार्यवाही आगे बढ़ाई जा रही है। मुख्यमंत्री घोषणा संख्या–288/2026 के तहत चौमेल एवं पुलहिंडोला में मिनी स्टेडियम तथा मूलाकोट, पाटी एवं ईजडा में खेल मैदान का निर्माण प्रस्तावित है। इन कार्यों के लिए जनपद स्तरीय तकनीकी सलाहकार समिति (टीएसी) द्वारा ₹185.03 लाख की धनराशि औचित्यपूर्ण पाई गई है। वित्तीय वर्ष 2026–27 के विभागीय बजट में इन कार्यों के लिए बजट प्राविधान उपलब्ध न होने के दृष्टिगत घोषणा मद से धनराशि स्वीकृत कराए जाने हेतु पत्रावली घोषणा अनुभाग को प्रेषित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। वित्तीय स्वीकृति मिलने के उपरांत प्रस्तावित निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाया जा सकेगा। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि मा. मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप प्रस्तावित मिनी स्टेडियम और खेल मैदान क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर अभ्यास की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक होंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को निखरने तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारी करने के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं का विस्तार बच्चों और युवाओं को नियमित शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ ही उनमें अनुशासन, सहयोग और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में भी उपयोगी होगा। स्थानीय स्तर पर मैदान उपलब्ध होने से आसपास के गांवों के खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को भी लाभ मिलेगा।