*मेरो पहाड़*

 

 

 उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार संचालित विशेष जागरूकता अभियान “सुरक्षित बचपन अभियान” के द्वितीय चरण के अंतर्गत शुक्रवार को जिला न्यायालय सभागार कक्ष में जनपद चम्पावत के चयनित विद्यालयों के शिक्षकों हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) चम्पावत रश्मि गोयल द्वारा सुरक्षित बचपन अभियान के उद्देश्यों तथा बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 (जेजे एक्ट) एवं बाल संरक्षण से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चम्पावत द्वारा शिक्षकों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो एक्ट) के विभिन्न प्रावधानों, बच्चों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार एवं यौन उत्पीड़न की पहचान, ऐसी घटनाओं की सूचना देने तथा संबंधित मामलों में आवश्यक कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन निर्धारित विशेष मॉड्यूल के अनुरूप किया गया। उपस्थित शिक्षकों को मौखिक एवं लिखित प्रश्नोत्तर के माध्यम से भी जागरूक किया गया। साथ ही शिक्षकों से अपेक्षा की गई कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों, उनके अभिभावकों तथा आसपास के लोगों तक पहुंचाएं, ताकि बच्चों के लिए सुरक्षित, संरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।