*मेरो पहाड़*

 

*उपजिलाधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल, उपचार व्यवस्थाओं का लिया जायजा*

 

 

चम्पावत-लोहाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर मादली के समीप दो वाहनों की टक्कर में चार लोग घायल हो गए। घटना की सूचना प्राप्त होते ही जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र चम्पावत द्वारा संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की गई। जिला आपदा परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार चम्पावत से लोहाघाट जा रही बोलेरो वाहन संख्या UK03TA-7770 तथा लोहाघाट से चम्पावत आ रही मैक्स वाहन संख्या UK04TA-0556 की मादली के समीप आपस में टक्कर हो गई। दुर्घटना में चार व्यक्ति घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार हेतु जिला चिकित्सालय चम्पावत पहुंचाया गया।जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में उपजिलाधिकारी ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की स्थिति एवं उन्हें उपलब्ध कराए जा रहे उपचार की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को घायलों का बेहतर एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन द्वारा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक समन्वय एवं निगरानी करते हुए घायलों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।