*मेरो पहाड़*

 

*पांच दिनों में तीन हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने पार किया दौड़ का चरण, 28 और 29 नवंबर को होगा चिकित्सकीय परीक्षण और दस्तावेजों का सत्यापन*

 

बनबसा सैन्य स्टेशन में आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली का दौड़ चरण शुक्रवार को पूरा हो गया। रैली के पांचवें दिन 650 से अधिक अभ्यर्थियों ने दौड़ में भाग लिया, जिनमें से 570 से अधिक सफल रहे। दौड़ में सफल अभ्यर्थी शारीरिक और चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अगले चरण में पहुंचे। दौड़ के अंतिम दिन लोहाघाट और बाराकोट क्षेत्र के जनरल ड्यूटी (जीडी) श्रेणी के अभ्यर्थियों के साथ चम्पावत और पिथौरागढ़ जिलों के तकनीकी श्रेणी के अभ्यर्थियों ने भाग लिया। सुबह से ही अभ्यर्थी सैन्य स्टेशन पहुंचने लगे थे। प्रवेश पत्र और दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें मैदान में प्रवेश दिया गया। सेना के अधिकारियों ने बताया कि प्रवेश से लेकर दौड़ तक की प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हुई। इस दौरान दौड़ में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का मिलान भी किया गया। सेना के जोनल भर्ती कार्यालय (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) की ओर से 23 नवंबर को शुरू हुई इस रैली में चम्पावत और पिथौरागढ़ जिलों की विभिन्न तहसीलों और श्रेणियों के अभ्यर्थियों ने निर्धारित दिनों में भाग लिया। पांच दिनों में दोनों जिलों के तीन हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने दौड़ का चरण सफलतापूर्वक पूरा किया। कर्नल अमोल दाबड़घाव की देखरेख में संचालित रैली के लिए 28 और 29 नवंबर आरक्षित दिन रखे गए हैं। सेना के अधिकारियों के अनुसार, इन दो दिनों में अभ्यर्थियों का चिकित्सकीय परीक्षण और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही भर्ती रैली संपन्न होगी।