टनकपुर में हरेला क्लब द्वारा आयोजित उत्तरायणी मेले में सामूहिक कन्या विवाह और सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन ।



*मेरो पहाड़*
चंपावत चम्पावत जिले के टनकपुर में हरेला क्लब द्वारा आयोजित दो-दिनी उत्तरायणी मेल का आयोजन किया गया मेले में परंपरा, संस्कृति और सामाजिक प्रतिबद्धता का जीवंत उत्सव प्रस्तुत करने के साथ ही पहले दिन सामूहिक निर्धन कन्या विवाह का आयोजन हुआ, जिसमें एक जोड़े का विवाह संपन्न किया गया। यह आयोजन न केवल परंपरा बल्कि सामाजिक चेतना और मानवीय मूल्यों को भी उजागर करता है।
सुबह से ही नगर की गलियां हर्षोल्लास और पारंपरिक रंगों से जगमगा उठीं। महिलाओं ने रंग्याली पिछौड़ी पहनकर शारदा नदी से जल लाकर कलश यात्रा निकाली, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गांधी मैदान पहुंची। रास्ते में स्कूली बच्चों ने छोलिया नृत्य और पारंपरिक गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया और मेले का संस्कृतिक उत्साह बढ़ाया।
गांधी मैदान में कलश यात्रा के समापन पर फीता काटकर मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि मदन सिंह महर ने हरेला क्लब की कुमाऊँनी संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में सक्रिय भूमिका की सराहना की। इस अवसर पर मां सरस्वती की पूजा-अर्चना भी संपन्न हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्मानंद पांडेय ने की, संचालन डॉ. जेबी चंद और धर्मेंद्र चंद ने किया। क्लब के अध्यक्ष अजय गुरुरानी ने बताया कि मेले का मुख्य आकर्षण निर्धन कन्या सामूहिक विवाह था, हालांकि एक ही जोड़ा उपलब्ध होने के कारण इस वर्ष एक जोड़े का विवाह संपन्न हुआ।
मेला 15 जनवरी को दूसरे दिन भी जारी रहेगा। दोपहर तीन बजे स्कूली बच्चों के कार्यक्रम और मेधावी छात्र सम्मान समारोह होंगे। इसके बाद छात्र-छात्राओं की डांस प्रतियोगिता और शाम में अल्मोड़ा कला केंद्र के कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियां होंगी। मेले का समापन लकी ड्रा के साथ किया जाएगा।









