*मेरो पहाड़*
*.मुख्यमंत्री घोषणा के क्रियान्वयन से धार्मिक स्थल का होगा विकास, श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ*
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप जनपद चम्पावत के धार्मिक स्थलों के संरक्षण एवं सौन्दर्यीकरण की दिशा में एक और पहल की गई है। शासन ने विधानसभा क्षेत्र चम्पावत के ग्राम मटेला के राजस्व ग्राम भगीनाखेत स्थित भोलेश्वर मंदिर के सौन्दर्यीकरण के लिए 25 लाख रुपये की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत स्वीकृत इस कार्य का क्रियान्वयन ग्रामीण निर्माण विभाग, चम्पावत द्वारा किया जाएगा। चालू वित्तीय वर्ष में स्वीकृत धनराशि जिलाधिकारी चम्पावत के निवर्तन पर रखी गई है। मंदिर के सौन्दर्यीकरण से परिसर को सुव्यवस्थित बनाने तथा स्थानीय श्रद्धालुओं एवं अन्य आगंतुकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा। शासनादेश में कार्य की निरंतर समीक्षा करते हुए निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विभाग को कार्यदायी संस्था के साथ निर्धारित प्रारूप पर एमओयू हस्ताक्षरित करने तथा कार्यों का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा गया है। योजना की प्रत्येक तीन माह की प्रगति आख्या मुख्यमंत्री कार्यालय के घोषणा अनुभाग को उपलब्ध कराई जाएगी। कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यस्थल पर स्थायी सूचना बोर्ड भी लगाया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री घोषणा संख्या एवं वर्ष, स्वीकृत कार्य का नाम, लागत, कार्य प्रारम्भ एवं पूर्ण होने की तिथि तथा कार्यदायी संस्था और ठेकेदार का विवरण अंकित किया जाएगा।
