*मेरो पहाड़*
*बचपन को निमोनिया से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग तत्पर, जनपद में जागरूकता अभियान शुरू*
प्रदेश सरकार द्वारा बच्चों को निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने तथा इसके लक्षणों की समय पर पहचान के प्रति जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से आज जनपद चम्पावत में निमोनिया जागरूकता अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान द्वारा ‘साँस’ (SAANS – Social Awareness and Action to Neutralize Pneumonia Successfully) पोस्टर का विमोचन किया गया। इस पोस्टर के माध्यम से अभिभावकों एवं आमजन को बच्चों में निमोनिया के प्रारंभिक लक्षणों को पहचानने तथा तत्काल उपचार सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि निमोनिया शिशुओं और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर चुनौती है, किंतु यदि इसके लक्षणों की समय रहते पहचान कर ली जाए और त्वरित चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाए, तो बच्चों को गंभीर जटिलताओं से पूर्णतः बचाया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों में तेज सांस चलना, सांस लेने में कठिनाई होना, सीने का धंसना तथा लगातार खांसी जैसे लक्षण दिखाई देने पर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के जिला कार्यक्रम प्रबन्धक गौरव पाण्डेय द्वारा किया गया। उन्होंने अभियान के मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए जनपद में निमोनिया की रोकथाम और जनजागरूकता के लिए संचालित की जाने वाली आगामी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान जनपद की समस्त ब्लॉक चिकित्सा इकाइयों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबन्धक, ब्लॉक समन्वयक सहित सभी स्वास्थ्य इकाइयों में कार्यरत एएनएम तथा सीएचओ भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान से जुड़े, जिन्हें जमीनी स्तर पर जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इन्द्रजीत पाण्डेय, दिनेश थ्वाल, संजय पाण्डेय, प्रेम भट्ट, जगदीश जोशी, सुनीता डासीला, पुनीता, मीनाक्षी जोशी, नीमा भट्ट, सपना फर्त्याल, मदन सिंह राणा एवं अनीता राय सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



