×

हिमालय दिवस पर प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

हिमालय दिवस पर प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।

खबरे शेयर करे :

*मेरो पहाड़*

 

हिमालय दिवस के अवसर पर राजकीय इण्टर कॉलेज मंच, चम्पावत में बयाफ़ संस्था द्वारा आयोजित एवं नेस्ले इंडिया द्वारा प्रायोजित “समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम” के अंतर्गत क्विज़, भाषण, पेंटिंग एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को हिमालय संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, स्वच्छता, ग्लोबल वार्मिंग एवं हिमालय बचाओ अभियान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आरसेटी के पूर्व निदेशक जनार्दन चिलकोटी रहे। चिलकोटी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका भी निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिमालय केवल उत्तराखंड की पहचान ही नहीं, बल्कि देश की जीवनरेखा है। हिमालय के संरक्षण के लिए युवा पीढ़ी को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनना होगा और अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता, जल संरक्षण तथा पौधारोपण जैसे कार्यों को अपनाना होगा।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। क्विज़ प्रतियोगिता में कक्षा 12 के जीवन नाथ ने प्रथम, महेन्द्र सिंह ने द्वितीय तथा कक्षा 11 की गुड़िया जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

पेंटिंग प्रतियोगिता में सौरव राम प्रथम, भाविका द्वितीय एवं योगेश बोरा तृतीय रहे। वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में ईशा बोरा ने प्रथम, तनुजा महर ने द्वितीय तथा सौरव नाथ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर बयाफ़ संस्था की वरिष्ठ परियोजना प्रबंधक मृणाल आर्या, परियोजना प्रभारी  प्रताप रावत, डॉ. दीपक पांगती, परियोजना समन्वयक विमला खर्कवाल, मंच के ग्राम प्रधान अनिल महर,राजकीय इण्टर कॉलेज मंच के प्रधानाचार्य अशोक तिवारी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं बयाफ़ संस्था की पूरी टीम उपस्थित रही।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को “हिमालय बचाओ—पर्यावरण बचाओ” का संदेश देते हुए प्रकृति एवं हिमालय के संरक्षण के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने का आह्वान किया गया।


खबरे शेयर करे :