*मेरो पहाड़*

 

उत्तराखण्ड सरकार के तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, देहरादून के परिसर संस्थान डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम राजकीय प्रौद्योगिकी संस्थान (AKGIT), टनकपुर का दौरा किया। अपने संक्षिप्त भ्रमण के दौरान उन्होंने संस्थान परिसर में मुख्यमंत्री घोषणा के अन्तर्गत नवनिर्मित 98 बेडेड शारदा महिला छात्रावास का निरीक्षण किया तथा शैक्षणिक भवन एवं परिसर में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का अवलोकन किया।

 

इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) हरद्वारी लाल मण्डोरिया ने तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को शॉल एवं पुष्पित पौधा भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके उपरांत तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बालिका छात्रावास में छात्राओं के लिए उपलब्ध आवासीय सुविधाओं, सुरक्षा, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही उन्होंने संस्थान में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, प्रयोगशालाओं, आधारभूत सुविधाओं तथा विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की।

 

निरीक्षण के दौरान तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने संस्थान में हुए विकास कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र में स्थित यह संस्थान तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर प्रगति कर रहा है तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

 

तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) हरद्वारी लाल मण्डोरिया के साथ संस्थान की भविष्य की विकास योजनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने संस्थान के शैक्षणिक एवं आधारभूत ढांचे को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक प्रस्ताव एवं सुझाव प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार प्रदेश में तकनीकी शिक्षा के विस्तार, गुणवत्ता संवर्धन तथा संस्थानों के विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

 

संस्थान के लिए यह भ्रमण शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा छात्राओं को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा। इस अवसर पर संस्थान के शिक्षकगण, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।