*मेरो पहाड़*
लोहाघाट में आयोजित कांग्रेस रैली के दौरान जिलाध्यक्ष का प्रोटोकॉल पूरी तरह दरकिनारे लगा दिया गया। रैली में जहां जिलाध्यक्ष को कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अतिथियों का स्वागत किया जाना चाहिए था, वहीं जिलाध्यक्ष एक किनारे पर सामान्य कार्यकर्ता के रूप में कुर्सी के पीछे खड़े रहे। रैली के दौरान अतिथियों के स्वागत के लिए सामान्य कार्यकर्ता को तो बुलाया गया, लेकिन जिलाध्यक्ष को बुलाना तो दूर, उनके नाम से भी गुरेज किया गया। यहां तक कि मुख्य वक्ताओं ने भी औपचारिकता के तौर पर कभी-कभार ‘जिलाध्यक्ष सहित तमाम लोग’ कह दिया तो बड़ी बात हो गई।प्रोटोकॉल के तहत जिलाध्यक्ष को न स्थान मिला, न नाम, न सम्बोधन। इसके बावजूद जिलाध्यक्ष मंच पर कुर्सी के पीछे डटे रहे। रैली में जिलाध्यक्ष की इस उपेक्षा को लेकर कार्यकर्ताओं में भी चर्चा होती रही। पार्टी के अंदर इस तरह प्रोटोकॉल की अनदेखी ने एक बार फिर कांग्रेस की गुटबाजी और संगठन में समन्वय की कमी को उजागर कर दिया है।

