×

*हरेला पर्व पर चंपावत में हरियाली का संकल्प: ‘एक पेड़ मां के नाम’ को जनआंदोलन का रूप”*

*हरेला पर्व पर चंपावत में हरियाली का संकल्प: ‘एक पेड़ मां के नाम’ को जनआंदोलन का रूप”*

खबरे शेयर करे :

*मेरो पहाड़*

*”वृक्षारोपण सिर्फ पौधा लगाने तक सीमित नहीं, संरक्षण भी उतना ही जरूरी:  पांडे”*

*”वृक्ष लगाना संस्कार, उसे जीवित रखना संस्कृति का कर्तव्य: जिलाधिकारी”*

उत्तराखंड की सांस्कृतिक और पर्यावरणीय चेतना का प्रतीक पर्व हरेला जनपद चंपावत में बुधवार को बड़े हर्षोल्लास, सांस्कृतिक गौरव और हरियाली के संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरे जनपद में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम पुनेठी वन पंचायत, चंपावत में आयोजित हुआ, जहां पारंपरिक संखध्वनि के साथ वृक्षारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य वन एवं पर्यावरण सलाहकार समिति के मा. उपाध्यक्ष  श्याम नारायण पांडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ मिलकर पौधारोपण किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी जयवर्धन शर्मा द्वारा जिलाधिकारी को तथा स्वीप समन्वयक जीवन कलोनी द्वारा मुख्य अतिथि  श्याम नारायण पांडे को हरेला भेंट किया गया, जो पारंपरिक सम्मान और प्रकृति से जुड़ाव का प्रतीक है।

पांडे ने इस अवसर पर समस्त जनपदवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी धरती से जुड़ाव और हरियाली के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।” उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण सिर्फ पौधा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसे संरक्षित करना और बड़ा करना भी हमारी ज़िम्मेदारी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र  मोदी द्वारा दिए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया और मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी द्वारा इस पर्व को जन आंदोलन के रूप में विकसित करने के प्रयासों की सराहना की।

*जिलाधिकारी ने दिलाई हरियाली और मतदान की शपथ*

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने हरेला की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमारी संस्कृति और प्रकृति के प्रति आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि “वृक्ष लगाना एक संस्कार है और उसे जीवित रखना हमारी संस्कृति का कर्तव्य।”

उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा विकसित ऐप के माध्यम से पौधों की निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को मतदान व वृक्षारोपण की शपथ भी दिलाई गई।

प्रभागीय वन अधिकारी  नवीन चंद्र पंत ने जानकारी दी कि हरेला पर्व पर जनपद मे अधिक से अधिक पौधे रोपे जाएंगे। उन्होंने बताया कि अगले एक माह के भीतर जनपद में 9 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है, जो चंपावत को हरित जनपद बनाने की दिशा में अहम कदम होगा।

जनभागीदारी से साकार हुआ हरियाली का संकल्प

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, एसएसबी, आईटीबीपी, पुलिस बल, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स तथा स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ के संकल्प को लेकर पौधारोपण किया गया तथा जल संरक्षण के प्रति साझा प्रयासों की भी शपथ ली गई।

पुलिस अधीक्षक  अजय गणपति ने भी हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पर्व पारंपरिक रीति से हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर आता है।

इस अवसर पर मा विधायक प्रतिनिधि चंपावत प्रकाश तिवारी, मा अध्यक्ष नगर पालिका परिषद चंपावत श्रीमती प्रेमा पांडे, मुख्य विकास अधिकारी डॉ० जी एस खाती, एसएसबी कमांडेंट संजय कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, जिला विकास अधिकारी दिनेश दिगारी सहित अन्य अधिकारी, कार्मिक, जन सामान्य, छात्र-छात्राएं, महिला समूह, मंगल दल की महिलाएं आदि उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पर्यावरणीय पहल को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।


खबरे शेयर करे :
Previous post

मेरो पहाड़ चैनल के *गाँव की चुनावी हलचल* में आज ले चलेंगे टनकपुर जिला पंचायत सीट की हलचल पर चर्चा करँगे इस सीट से उम्मीदवार किरन देवी से —–

Next post

हरेला पर्व पर जिलेभर में बृहद पौधरोपण कार्यक्रमो का आयोजन जिले के बूम रेंज में एक पेड़ माँ के नाम थीम पर विभिन्न विभागों ने मिलकर ली शपथ ।