Advertisement

मेरो पहाड़ 

 

भाजपा के पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल के भाजपा में 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर लोहाघाट में आयोजित जन आशीर्वाद रैली में उमड़ी भीड़ । शीतला माता मंदिर से शुरू हुई रैली रामलीला मैदान पहुंची, जहां आयोजित जनसभा में हजारों की संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए।

 

खचाखच भरे रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व विधायक फर्त्याल के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई। रैली में उमड़ी भीड़ को पूर्व विधायक के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, इस दौरान भाजपा के कई प्रमुख नेताओं की अनुपस्थिति भी राजनीतिक चर्चा का विषय बनी रही।

 

जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और सरकार की योजनाएं अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंच रही है।

 

फर्त्याल ने लोहाघाट के कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में विधानसभा क्षेत्र का विकास करीब दस वर्ष पीछे चला गया है। उन्होंने कहा कि जिस विधायक निधि का उपयोग जनता के विकास के लिए होना चाहिए, उसका इस्तेमाल चुनावी राजनीति के लिए किया जा रहा है। उन्होंने अपने दस वर्ष के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके द्वारा शुरू किए गए कई कार्य आज भी अधूरे पड़े हैं। रैली में अनुपस्थित रहे भाजपा नेताओं को लेकर भी फर्त्याल ने तीखे तेवर दिखाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कुछ भाजपा नेताओं

ने कांग्रेस का साथ दिया था। उन्होंने कहा कि इस बार ऐसा नहीं होने दिया जाएगा

 

धारचूला के कांग्रेस विधायक हरीश धामी पर निशाना साधते हुए फर्त्याल ने मुख्यमंत्री के प्रति उनके कथित अमर्यादित बयान की आलोचना की। उन्होंने इसे कांग्रेस की राजनीतिक मानसिकता का परिचायक बताया।

 

फर्त्याल ने कहा कि आज उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि चंपावत जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी। उन्होंने क्षेत्र की जनता का आभार जताते हुए कहा कि वह पद पर रहें या न रहें, हमेशा जनता के बीच रहकर उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे।जनसभा के दौरान पूर्व सैनिक संगठन ने खुले मंच से पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल को समर्थन दिया। संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनके विधायक कार्यकाल में पूर्व सैनिकों के हित में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए।

कार्यक्रम का संचालन शांभवी मुरारी ने किया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरीश कुंवर, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, ब्लॉक प्रमुख महेंद्र ढेक, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश करायत, आरटी नगर पंचायत अध्यक्ष नारायण लाल, सभासद बबलू, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विनीता फर्त्याल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजय बोहरा, विजय फर्त्याल, चंद्रशेखर बगौली, राजेश बिष्ट, बहादुर सहित कई लोग मौजूद रहे।