Advertisement

*मेरो पहाड़*

 

 

 

 

चम्पावत जिले के लोहाघाट में कांग्रेस द्वारा आयोजित रैली में भारी भीड़ उमड़ी। रैली में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के साथ प्रीतम सिंह, यशपाल आर्य, भुवन कापड़ी सहित तमाम बड़े नेता मौजूद रहे। इस अवसर पर वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए जमकर घेरा। लेकिन रैली में उमड़ी भीड़ के बीच गुटबाजी ने सारा गुड़ गोबर कर दिया। रैली के दौरान मंच पर मनोहर सिंह ढेक उर्फ मुन्ना को बोलने नहीं दिए जाने पर नाराज समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी। प्रभारी से नाराजगी व्यक्त करने के दौरान धक्का-मुक्की की नौबत तक आ गई। मंच पर हुए इस हंगामे से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान मनोहर सिंह ढेक ने कहा कि वह भी लोहाघाट विधानसभा से दावेदारी कर रहे थे, लेकिन उन्हें बोलने का मौका नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं। मनोहर सिंह ढेक ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर लोहाघाट से प्रत्याशी नहीं बदला गया तो वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। उनके इस बयान के बाद रैली में मौजूद कार्यकर्ताओं में चर्चा तेज हो गई। फिलहाल रैली तो संपन्न हो गई, लेकिन मंच पर हुई नारेबाजी और गुटबाजी ने कांग्रेस की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।