छीनी गोठ में देवभूमि रामलीला कमेटी के तत्वावधान में 14 दिवसीय रामलीला महोत्सव महाशिवरात्रि से होगी प्रारम्भ तैयारियां जोरों पर ।






*मेरो पहाड़*
टनकपुर के छीनी गोठ में देवभूमि रामलीला समिति के तत्वावधान में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर से 14 दिवसीय रामलीला महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन दिनांक 15 फरवरी 2026 (महाशिवरात्रि) से विधिवत रूप से प्रारंभ होगा। रामलीला समिति के अध्यक्ष बंशीधर चौड़कोटी जी ने बताया कि रामलीला के सफल मंचन हेतु कलाकारों की पिछले एक माह से नियमित तालीम एवं अभ्यास चल रहा है, जो अब अपने अंतिम चरण में पहुँच चुका है। समिति के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ मार्गदर्शकों द्वारा कलाकारों को निरंतर दिशा-निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे रामलीला का मंचन और अधिक प्रभावशाली व भावपूर्ण बन सके।
महाशिवरात्रि के दिन प्रातःकाल से पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे। इसके पश्चात कलश यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र की मातृशक्ति, युवा एवं श्रद्धालुजन बढ़-चढ़कर सहभागिता करेंगे।
रामलीला का शुभारंभ 15 फरवरी को रात्रि 8:00 बजे से किया जाएगा। 14 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा, त्याग एवं भारतीय संस्कृति के मूल्यों का जीवंत मंचन किया जाएगा।
देवभूमि रामलीला समिति, छीनी गोठ द्वारा समस्त क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं एवं रामभक्तों से इस पावन आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म एवं संस्कृति के इस महोत्सव को सफल बनाने की अपील की गई है।
— देवभूमि रामलीला समिति, छीनीगोठ


















