*जनपद में भारी वर्षा के दृष्टिगत जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर; मुख्य मार्ग सुचारू, राहत एवं पुनर्वास कार्य जारी*
*मेरो पहाड़*
जनपद में विगत तीन दिनों से हो रही निरंतर वर्षा के कारण स्थिति पर जिला प्रशासन द्वारा पैनी नजर रखी जा रही है। विभिन्न क्षेत्रों में औसतन 150 मिमी तक वर्षा दर्ज की गई है। जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा के दृष्टिकोण से सभी संबंधित विभागों तथा कार्यदायी सड़क एजेंसियों को हाई अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए है। जिलाधिकारी ने कहा कि संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों (क्रिटिकल एवं वल्नरेबल पॉइंट्स) पर यातायात सुचारू बनाए रखने हेतु पर्याप्त संख्या में जेसीबी एवं पोकलैंड मशीनें तैनात कर दी गई हैं। वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) सहित सभी मुख्य मार्ग यातायात हेतु पूरी तरह खुले हैं। यद्यपि सुरक्षा कारणों से 3 ग्रामीण सड़कें फिलहाल बाधित हैं, जिन्हें शीघ्र खोलने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। तामली एवं मंच सहित जिन क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई है, वहाँ संबंधित विभाग द्वारा मरम्मत एवं पुनर्स्थापना (रिस्टोरेशन) का कार्य निरंतर किया जा रहा है। जनपद में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। कुछ स्थानों पर घरों आंशिक क्षति एवं जलभराव की शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत पहुँचाई जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी धरातल पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और मा0 जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में प्रशासन पूरी मुस्तैदी से राहत व बचाव कार्यों में जुटा हुआ है।






