ई-ऑफिस से बढ़ेगी पारदर्शिता और कार्यप्रणाली में आएगी तेजी, चम्पावत जिला सभागार में 180 अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण।
*मेरो पहाड़*
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के अनुपालन में जिला सभागार चम्पावत में शनिवार को एक दिवसीय ई-ऑफिस प्रशिक्षण कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में जनपद के विभिन्न शासकीय विभागों एवं कार्यालयों के कनिष्ठ सहायक से लेकर मुख्य प्रशासनिक अधिकारी स्तर तक के लगभग 180 अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर ई-ऑफिस प्रणाली की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। कार्यशाला के दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा ई-ऑफिस के संचालन एवं डिजिटल पत्राचार की प्रक्रिया पर विस्तृत जानकारी दी गई। इस अवसर पर बताया गया कि ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित होने के साथ-साथ त्वरित गति से फाइलों एवं पत्रों का निस्तारण संभव हो सकेगा। इसके अतिरिक्त डिजिटल माध्यम से कार्य होने से कागजी कार्रवाई में लगने वाले समय और सरकारी धन की व्यापक बचत होगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ध्रुव रावत, ई-डिस्ट्रिक्ट प्रबंधक तनुज सिंह रावल, स्वान प्रभारी हर्षित कुमार एवं सीनियर नेटवर्क इंजीनियर (एनआईसी) रजत पांडेय द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षकों ने अवगत कराया कि वर्तमान में चम्पावत जनपद के 87 शासकीय कार्यालय ई-ऑफिस पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा, गोपनीयता और मितव्ययिता के दृष्टिकोण से ई-ऑफिस अत्यंत सुरक्षित एवं प्रभावी माध्यम है, जिससे शासकीय कार्यप्रणाली अधिक सुदृढ़ और जवाबदेह बनेगी। इस दौरान विभिन्न विभागों के कनिष्ठ सहायक, प्रशासनिक अधिकारी सहित अन्य उपस्थित रहे।






